आरा। वीर कुंवर सिंह विवि अंतर्गत महंथ महादेवनन्द महिला महाविद्यालय में भौतिकी विभाग के द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन शुक्रवार को किया गया। जिसमें कॉलेज की छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक रचनात्मकता प्रस्तुत की। जिसके बाद कॉलेज द्वारा आयोजन में शामिल छात्राओं को मोमेंटो व सर्टिफिकेट देकर पुरस्कृत किया गया। प्रदर्शनी की अध्यक्षता महिला महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ आभा सिंह के द्वारा किया गया। मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी से बच्चों की प्रतिभा में गुणात्मक विकास होता है। बच्चों के मॉडल प्रशंसनीय हैं। गांव की जरूरतों व समस्याओं का समाधान कर सकने वाली सोच रखने की जरूरत है।
वहीं कॉलेज की भौतिकी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ शिखा अवस्थी ने कहा कि सभी छात्राओं द्वारा बहुत खूबसूरत प्रोजेक्ट का प्रदर्शन किया गया है। सभी की मेहनत प्रोजेक्ट में दिख रही है। सभी ने बहुत अच्छा बनाया है। इधर, साइंस प्रोजेक्ट प्रदर्शनी में प्रथम स्थान पर प्रिया कुमारी, द्वितीय पर श्वेता कुमारी और तृतीय स्थान पर अंजली तिवारी रहीं।
श्वेता कुमारी ने इलेक्ट्रिक हैंड सैनिटाइजर, अंजली तिवारी ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग मॉडल, तन्नू कुमारी ने अल्लोट्रोपेर ऑफ सी., प्रिया कुमारी ने रदरफोर्ड मॉडल ऑफ एटम्स, जया कुमारी ने डीएनए मॉडल, स्वाति सिंह ने ग्लोबल वार्मिंग, प्रिया ने रेन वाटर अलार्म एवम ऑटोमैटिक स्ट्रीट लाइट, सुजाता ने केमिस्ट्री इन आवर डेली लाइफ, बिपाशा कुमारी ने रिन्यूएबल एनर्जी सोर्सेज और सुरभि ने एसिड रेन बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।