आरा। भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार के लगातार जिला वासियों से अनुरोध करने के बावजूद भी हर्ष फायरिंग सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिसके कारण आए दिन बारात तिलक एवं अन्य पार्टियों में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से कई लोग अपनी जान गवा बैठे हैं और कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। इसके बावजूद भी लोग अपने शौक में बारात एवं अन्य पार्टियों में हथियार लहराने एवं हर्ष फायरिंग करने की आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा लगता है कि लोगों के दिल से पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है और लोग कानून को ताक पर रखते नजर आ रहे हैं।



ताजा मामला जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के जमुआ गांव की है। जहां शनिवार की शाम बारात में परछावन के दौरान फायरिंग कर दी गई है। जिसमें हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से पिकअप पर बारात जाने के लिए बैठा एक किशोर जख्मी हो गया। जख्मी किशोर को गोली बाएं कंधे पर लगी है। इसके बाद वह खून से लथपथ होकर जख्मी हालत में जमीन पर गिर पड़ा। जिसके बाद परिजन द्वारा उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार जख्मी किशोर थाना क्षेत्र के जमुआ गांव निवासी तपस्या यादव का 17 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार है। सरेशाम इस घटना के बाद गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। घटना के बाद बारात में आया लोगों के बीच भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर दौड़ कर भागने लगे।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। इधर जख्मी किशोर के पिता तपस्या यादव ने बताया कि जमुआवं गांव निवासी नगेंद्र साव के बेटे गणेश साव उर्फ बबुआ का बारात गांव से उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गजराजगंज ओपी अंतर्गत कारीसाथ गांव जा रहा था। बारात जाने के क्रम में जब दरवाजे के पास परछावन हो रहा था और उनका पुत्र बारात जाने के लिए पिकअप पर बैठा हुआ था। तभी परछावन के दौरान एक युवक द्वारा हर्ष फायरिंग कर दी गई। जिसमें फायरिंग के दौरान उसे गोली लग गई। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
इसके बाद परिजन द्वारा उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां उसका इलाज कराया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर जख्मी किशोर के पिता तपस्या यादव ने गांव के ही एक व्यक्ति पर बारात में हर्ष फायरिंग करने एवं फायरिंग के दौरान उनके पुत्र को गोली लगने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही।