आरा | अख्तर शफी (ब्यूरो प्रमुख) | रमना मैदान में श्री सीताराम विवाह महोत्सव शोभायात्रा के आज द्वितीय दिन प्रातः बेला में जगताचार्य भोली बाबा द्वारा यजमानों का कलश आदि पूजन के पश्चात व्यास पूजन शशि जी महाराज द्वारा विधिवत रूप से कराया गया।



पाठ कर्ताओं ने बताया कि आदिशक्ति भगवान शिव के अंदर हैं और शिव आदिशक्ति के बिना अधूरे हैं इसलिए इन्हें अर्धनारेश्वर कहा गया है। सत्य और सुंदरता का नाम ही शिव है।



दोपहर बेला में महिला मंडली द्वारा सीता विवाह को लेकर सीता जी के लिए हल्दी के मांगलिक गीतों के साथ हल्दी कुटाई का रस्म भी अदा किया गया।महावीर मंदिर के महंत सुमन बाबा ने बताया कि हल्दी मांगलिक और धार्मिक आयोजन का एक कार्य है जिसके कई लाभ हैं। ऐसे आयोजनों में भाग लेने वालों के घर में वैवाहिक कार्य होते रहते हैं। कन्या के पिता के घर शहनाई बजती है। संध्या बेला में राष्ट्रीय संत श्री भारत भूषण जी महाराज के मुखारविंद से भागवत कथा प्रारंभ हुई। भारत भूषण महाराज ने भागवत कथा के महत्व को मानव जीवन के कल्याण पर विस्तृत वर्णन किया। कथा के दौरान शक्ति-भक्ति ज्ञान और यज्ञ के माध्यम का भी चर्चा किया गया।
भागवत कथा ज्ञान कार्यक्रम का उद्घाटन एडीजे हर्षित सिंह एवं एडीजे त्रिभुवन यादव एवं एडीजे मनोज कुमार ने द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया।



कार्यक्रम का संचालन भोजपुर जिला गायक संघ के अध्यक्ष सह भोजपुरी गायक मुक्तेश्वर उपाध्याय ने किया। मुक्तेश्वर बाबा ने मंच संचालन करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम 25 तारीख तक चलेगा।
भागवत कथा में शहर के गणमान्य व्यक्तियों में महावीर मंदिर के संरक्षक अधिवक्ता राम सुरेश सिंह, डॉक्टर सुनील कुमार सिंह अधिवक्ता, अधिवक्ता गिरधारी सिंह, रामेश्वर प्रसाद, सरदार वीरेंद्र सिंह अधिवक्ता, जयप्रकाश तिवारी आदि उपस्थित थे। उक्त मौके पर महिला मंडली से उषा पांडे, आशा ठाकुर आदि लोग उपस्थित थे।