आरा | बिहार | आकाश कुमार | दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर बिहिया रेलवे स्टेशन के पूर्वी गुमटी के समीप अप लाइन पर शनिवार की दोपहर ट्रेन से गिरकर एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। घटना को लेकर लोगों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। जानकारी के अनुसार मृतक बिहिया थाना क्षेत्र के आदर्श बस्ती राजा बाजार बिहिया निवासी स्व.रिखी लाल के 50 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार है। वह पेशे से हलवाई थे एवं शादी एवं अन्य पार्टियों में हलवाई का काम करते थे। मृतक के मित्र दोस्त संतोष शाह ने बताया कि वह शनिवार की सुबह ट्रेन से दवा लेने के लिए आरा आए थे। दवा लेने के बाद वह पैसेंजर ट्रेन से वापस लौट रहे थे। उसी दौरान वह ट्रेन से गिर पड़े। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कुछ देर बीत जाने के बाद स्थानीय लोगों ने बताया कि एक व्यक्ति रेलवे ट्रैक पर गिरा पड़ा है।



सूचना पाकर वे लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें देख उनकी पहचान की। जिसके पश्चात उन्होंने इसकी सूचना आरा रेल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आरा रेल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाई व एक बहन में बड़े थे। मृतक के परिवार में मां गोरकी कुंवर एवं एक पुत्री तनु कुमारी है। मृतक की पत्नी मंजू देवी की मृत्यु 6 वर्ष पूर्व उसके बच्ची के जन्म के समय हो गई थी। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है।। घटी इस घटना के बाद मृतक की मां गोरकी कुमार एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।