आरा | बिहार | आकाश कुमार | भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र के बाबूबांध गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के खिड़की से लटका एक युवक का शव रविवार की सुबह बरामद हुआ है। शव मिलने से गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना चौरी थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर चौरी थाना इंचार्ज कुमार रजनीकांत अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को खिड़की से नीचे उतारा और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया। वहीं युवक द्वारा आत्महत्या करने की भी बात कही जा रही है। जानकारी के अनुसार मृतक चौरी थाना क्षेत्र के बाबूबांध गांव निवासी दशरथ बैठा का 22 वर्षीय पुत्र अमित कुमार है। वह दिल्ली में अपनी पत्नी के साथ रहकर प्राइवेट जॉब करता था। घटना के संबंध में बताया जाता है कि वह कुछ माह पूर्व दिल्ली से वापस गांव आया था और उसकी अभी पत्नी दिल्ली में ही रह रही है। वह बराबर फोन से उसी उत्क्रमित मध्य विद्यालय में जाकर किसी से बात करता रहता था। शनिवार की शाम वह करीब 4 बजे घर से फोन पर बात करते हुए निकला था। देर शाम जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने काफी खोजबीन की। लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।



रविवार की सुबह जब गांव के लोग स्कूल की ओर गए तो उन्होंने देखा कि स्कूल की खिड़की से उसका शव लटका हुआ है। जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी। सूचना पाकर मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। जिसके पश्चात परिजनों ने घटना की सूचना स्थानीय थाना को दी। वही पुलिस द्वारा बनाए गए रितु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार मृतक की मौत फांसी लगने के कारण होना प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। वहीं इस मामले में पीरो एसडीपीओ राहुल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या लग रही है। वह बराबर गांव में दिन भर मोबाइल से किसी से बातचीत करता रहता था। छह माह पूर्व वह दिल्ली से वापस अपने गांव आया था और उसकी पत्नी दिल्ली में रहती है। जिसके कारण वह काफी परेशान चल रहा था। घटनास्थल से मिले उसके मोबाइल और मोबाइल में लगे ईयर फोन देखने से ऐसा लगता है कि वह किसी से ऑनलाइन बात कर रहा था और वह कुछ दिखा रहा था। उसके मोबाइल का लॉक खोलने के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि मृतक की शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी।