आरा | आकाश कुमार | बिहार | संदेश थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव स्थित कुम्हरी नदी से सोमवार की सुबह एक महिला की हत्या कर बोरे में बांधकर फेंका गया शव बरामद हुआ है। शव के मिलने से गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। घटना की सूचना मिलते ही संदेश थाना इंचार्ज अवधेश कुमार अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में कराया। इसके पश्चात पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार मृतका संदेश थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव निवासी मुन्ना कुमार की 24 वर्षीया पत्नी शकुंतला देवी हैं।



मृतका के भाई बुटन कुमार ने बताया कि उसकी बहन शकुंतला देवी की शादी 24 मई 2019 में संदेश थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव निवासी मंटू यादव के पुत्र मुन्ना कुमार से लेनदेन के साथ एवं पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ की थी। शादी के दो साल बीत जाने के बाद उसके पति, सास एवं ससुराल वालों द्वारा दहेज में बाइक व सोने के चैन की मांग की जाने लगी। जिसको लेकर उसकी बहन को बराबर प्रताड़ित भी किया जाता था। जिसके बाद इसकी शिकायत उसने अपने मायके वालों से भी की थी। तब मायके वालों ने कहा था कि ठीक है हम लोग बाइक व चैन दे देंगे। उसने बताया कि दो माह पूर्व वह अपने मायके जोकटा का गांव घूमने के लिए आई थी। एक जून को वह वापस अपने मायके से अपने ससुराल सुंदरपुर गांव लौटी थी। इसके बाद मायके वालों से उसकी फोन पर कोई बात नहीं हुई।



इसी बीच सोमवार की सुबह वहां के स्थानीय ग्रामीण द्वारा फोन पर इस घटना की जानकारी मिली। सूचना पाकर मृतका के परिजन उसके ससुराल सुंदरपुर गांव पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मृतका के ससुराल के सभी लोग फरार है। परिजनों ने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। मृतका के भाई बूटन कुमार ने बाइक व सोने की चैन की मांग को लेकर उसके पति, सास-ससुर एवं देवर पर हत्या कर उसके शव को बोर में बांधकर कुम्हरी नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा बनाए गए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार मृतका की हत्या कर शव को छुपाने की उद्देश्य नदी मे फेंकना प्रतीत होता है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि मृतका अपने तीन बहन व दो भाई में तीसरे स्थान पर थी। मृतका को एक ढाई वर्ष की पुत्री मुन्नी कुमारी एवं एक नौ माह मां का पुत्र प्रमोद है। घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतका की मां सोमरो देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।