आरा | बिहार | आकाश कुमार | शहर के नवादा थाना क्षेत्र के पकड़ी मोहल्ले में बुधवार की देर शाम एक छात्र ने खुद से अपना गला रेत व कलाई काटकर खुदकुशी कर ली। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना को लेकर आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही नवादा थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार मृतक नवादा थाना क्षेत्र के पकड़ी मोहल्ला निवासी स्व.प्रदीप कुमार गुप्ता का 24 वर्षीय पुत्र उत्तम कुमार है। वह स्नातक का छात्र था एवं वह कॉम्पटीशन की तैयारी भी करता था। इधर मृतक के बड़े पापा अनिल कुमार ने बताया कि वह नौकरी की तैयारी करता था। जिसके कारण वह मानसिक तनाव में भी भी रहता था।



बुधवार की शाम जब उसकी मां एकादशी का पूजा करने मंदिर गई थी। उसी बीच उसने बाथरूम में जाकर बाथरूम का गेट बंद कर लिया। इसके बाद उसने पहले अपने बाएं हाथ की कलाई काटी। उसके बाद खुद से अपना गला भी रेत लिया। जब उसकी मां पूजा कर वापस घर लौटे तो उन्होंने देखा कि बाथरूम के दरवाजे के नीचे से खून बह रहा है। जिसके बाद उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। जिसके बाद परिवार के सभी सदस्य नीचे आए और बाथरूम का दरवाजा तोड़ डाला तो उन्होंने देखा कि वह खून से लथपथ जख्मी हालत में जमीन पर गिरा पड़ा है। जिसके बाद परिजन द्वारा उसे आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।



इसके पश्चात परिजनों ने इसकी सूचना नवादा थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया।हालांकि मृतक ने आत्महत्या क्यों की ? इसका कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि मृतक अपने मां-बाप की इकलौती संतान था। मृतक के पिता प्रदीप कुमार गुप्ता की मृत्यु 20 वर्ष पूर्व हो गई थी। घटना के बाद मृतक के घर में हाहाकार मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतक की मां सुनीता देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।