भोजपुर। जिले में इंटर की दो छात्रा और एक महिला अपने प्रेमी संग घर से भाग गयी। इस संबंध में तीनों के परिजनों द्वारा स्थानीय थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। घटनायें आरा के नवादा और अजीमाबाद इलाके की है। इनमें आरा में इंटर की छात्रा शामिल हैं। नवादा थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार इंटर की छात्रा बुधवार को अपने नजदीकी से मिलने की बात कह कर घर से निकली थी। देर तक नहीं लौटी तो उसके मोबाइल पर कॉल की गयी। तब उसने एक डाक्टर के पास होने और देर से आने की बात कही। लेकिन वह घर नहीं लौट सकी। इसे लेकर तीन लोगों के खिलाफ केस किया गया है। वहीं दूसरी ओर परीक्षा छोड़ इंटर की एक छात्रा भी फरार हो गयी। वहीं दूसरी तरफ अजीमाबाद थाना क्षेत्र की एक शादीशुदा महिला पति को छोड़ प्रेमी संग फरार हो गयी। महिला की शादी 2017 में चौरी थाना के एक गांव में हुई थी। इस मामले में उसकी मां के बयान पर केस किया गया है। उसमें सिकरहट्टा थाना के निवासी को आरोपित किया गया है। प्राथमिकी में कहा गया है कि शादी के बाद महिला अपने पति के साथ सूरत चली गयी थी। वहां उसका पति और उसका मित्र एक कपड़े की फैक्ट्री में काम करते थे। दोनों एक ही मकान में रहते थे। इसी दौरान पति के दोस्त और महिला के बीच प्यार हो गया। बाद में वहां से वह अपने मायके चली गयी। फिर एक दिन बैंक में पैसे जमा करने के बहाने आरा गयी उसके बाद नहीं लौट सकी।